बवाल और सबूत की जिद! ट्रंप ने पत्रकार को कहा ‘बेईमान और मूर्ख’, इंटरव्यू बीच में छोड़कर उठकर भागे
कैलिफोर्निया चुनावों में धांधली के आरोपों पर सबूत मांगते ही राष्ट्रपति ट्रंप ने उतार दिया माइक्रोफोन, एंकर से कहा- तुम या तो बेईमान हो या मूर्ख
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार को एक इंटरव्यू के दौरान जमकर भड़क गए। दरअसल, एनबीसी के ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने जैसे ही ट्रंप से कैलिफोर्निया चुनावों में धांधली के आरोपों पर सबूत मांगे, राष्ट्रपति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने पत्रकार को ‘बेईमान’ और ‘मूर्ख’ तक कह डाला और इंटरव्यू को बीच में ही छोड़कर चले गए।
एंकर ने सबूत मांगा तो ट्रंप ने माइक उतार फेंका
रविवार को प्रसारित हुए इस इंटरव्यू में राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि कैलिफोर्निया में वोटों की गिनती में देरी चुनाव में धांधली की साजिश है। ट्रंप ने कहा- चार दिन हो गए और वे अभी तक नतीजे घोषित करने के करीब नहीं हैं। आप जानती हैं कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? क्योंकि वे चुनाव में धांधली कर रहे हैं।
इस पर एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने पलटकर पूछा- क्या आपके पास इस दावे को साबित करने के लिए कोई सबूत है? इसी सवाल ने ट्रंप को आगबबूला कर दिया।
गुस्से में ट्रंप ने कहा- तुम या तो बेईमान हो या मूर्ख
ट्रंप ने एंकर पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा- तुम या तो बेईमान हो या मूर्ख। तुम्हारा प्रेस बेईमान है और मीट द प्रेस बेईमान है। एबीसी, सीबीएस और सीएनएन सब बेईमान हैं।
इतना ही नहीं, उन्होंने एंकर को संबोधित करते हुए कहा- तुम एकतरफा बेईमान नेटवर्क हो। माफ करना, चलो यहीं खत्म करते हैं। मेरा बस हो गया है। थैंक्यू, डार्लिंग। गुड टाइम है।
इतना कहकर उन्होंने अपना माइक्रोफोन उतारा और उठकर चले गए।
यह पहला मौका नहीं जब ट्रंप ने धांधली के आरोप लगाए हों
गौरतलब है कि अमेरिका में मेल-इन वोटिंग (डाक से मतदान) की प्रक्रिया को पूरा होने में कई सप्ताह लग जाते हैं। कैलिफोर्निया में सभी पंजीकृत मतदाताओं को मेल-इन बैलेट भेजे जाते हैं और चुनाव दिवस के बाद 7 दिन तक भेजे गए बैलेट मान्य होते हैं। यही वजह है कि कैलिफोर्निया में नतीजे आने में देरी होती है, जिसे अक्सर गलतफहमी से धांधली समझ लिया जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इसमें धांधली का कोई सबूत नहीं है। ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन के अध्ययन के मुताबिक, मेल-इन वोटिंग में धोखाधड़ी के मामले मात्र 0.000043% हैं।
सिर्फ इतना ही नहीं, 2021 में कैपिटल हिल पर हुए दंगे के आरोपियों को मुआवजा देने के मुद्दे पर भी ट्रंप और एंकर के बीच तीखी बहस हुई। वेल्कर ने पूछा था कि क्या 6 जनवरी को पुलिस पर हमला करने वालों को भी मुआवजा मिलना चाहिए। इस पर ट्रंप ने पलटवार करते हुए एफबीआई पर दंगा भड़काने का आरोप लगा दिया।
बरसात ने बढ़ाई ट्रंप की चिड़चिड़ाहट
बताया जा रहा है कि ट्रंप और उनका यह इंटरव्यू विस्कॉन्सिन के एक फार्म पर हुआ था, जहां भारी बारिश हो रही थी। बीच-बीच में मौसम और ऑडियो की दिक्कतों से इंटरव्यू बाधित हो रहा था। बाद में ट्रंप ने खुद कहा कि बारिश के कारण वह उनसे थोड़ा नाराज हो गए थे।
क्या बोले एंकर? फैक्ट चेक के साथ बरती जवाबी कार्रवाई
इंटरव्यू खत्म होने के बाद एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने हार नहीं मानी। उन्होंने ट्रंप को स्टूडियो में ही फैक्ट-चेक किया। एनबीसी ने अपनी वेबसाइट पर एक लेख प्रकाशित कर बताया कि ट्रंप के कई दावे झूठे या अतिरंजित थे।
वेल्कर ने यह भी बताया कि ट्रंप ने शनिवार को उनसे बात की थी और उन्होंने एक और इंटरव्यू देने पर सहमति जताई थी। व्हाइट हाउस और एनबीसी ने इस घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
Read more-
Donald Trump on Iran: ट्रंप की ईरान को बड़ी चेतावनी, बोले- ‘घड़ी की टिक-टिक शुरू हो चुकी है’
