सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, नक्सलियों का हथियारों से भरा डंप बरामद

सुकमा। जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। मेट्टागुड़ा कैंप से निकली संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खुफिया डंप का पता लगाकर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक, 23 अगस्त को जवानों को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद 203 कोबरा वाहिनी, 241 बस्तर बटालियन सीआरपीएफ और जिला बल की संयुक्त पार्टी ग्राम बोटेलंका, ईरापल्ली, कोईमेंटा पहाड़ी, दारेली और आसपास के इलाकों में सर्चिंग के लिए रवाना हुई। अभियान के दौरान कोईमेंटा पहाड़ी से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और सामग्रियां बरामद की गईं।

नक्सल डंप से बरामद सामग्री
सुरक्षाबलों को डंप से कंट्रीमेड रायफल, बीजीएल लांचर व उसका बैरल, यूएवी नेत्रा का टूटा हुआ प्रोपेलर, इलेक्ट्रिक होल्डर वेल्डिंग उपकरण, बेंच वाइस और स्टील पाइप मिले।
इसके अलावा –

  • 7 लोहे के छड़
  • लगभग 2 किलो वजनी 45 लोहे के बेस प्लेट
  • 8 किलो के 47 पोल एंगलर
  • करीब 480 भारी-भरकम आयरन क्लैंप
  • 35 ग्राउंड सपोर्टर
  • दर्जनों क्लैंप (18 और 12 इंच)
  • एक टी-टाइप क्लैंप
  • नक्सलियों की काली वर्दी, एम्युनेशन पाउच
  • टूटी हुई इन्वर्टर बैटरी
  • 20 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और एक एक्सटेंशन बोर्ड

सुरक्षाबलों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद हथियार और सामग्री नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश के लिए इकट्ठा की गई थी। फिलहाल बरामद सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Youthwings