CG Breaking: ट्रैफिक पुलिस की टोइंग गाड़ी ने 2 मासूमों को कुचला, ड्राइवर फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। स्कूल जा रहे दो मासूम बच्चों को ट्रैफिक पुलिस की टोइंग गाड़ी (क्रेन) ने अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

यह हादसा शहर के पॉश इलाके में स्थित छत्तीसगढ़ क्लब के ठीक सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस की टोइंग गाड़ी ने बच्चों को कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

हैरानी की बात यह है कि मासूमों को कुचलने वाला वाहन ट्रैफिक पुलिस विभाग की ही टोइंग गाड़ी थी। हादसे के बाद गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर लिया है। फरार ड्राइवर की तलाश के लिए विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।

यह घटना शहर में एक बार फिर ट्रैफिक नियमों की पालना और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है कि पुलिस की गाड़ी ही इतनी लापरवाही से चल रही थी।

Youthwings