Naxal Encounter: एरिया कमांडर समेत 3 नक्सली ढेर, हथियार और नक्सली सामग्री बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार सुबह से जारी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में डीआरजी (District Reserve Guard) और बीएसएफ जवानों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों पर कुल 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। सर्चिंग के दौरान तीनों के शव, भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की गई है।

मारे गए नक्सलियों की पहचान

पुलिस ने जिन नक्सलियों को ढेर किया, उनमें शामिल हैं—

  • सरवन मडकम उर्फ विश्वनाथ उर्फ बुधराम पुनेम: एसीएम, सीतानदी/रावस समन्वय एरिया कमेटी सचिव, इनाम 8 लाख रुपये।
  • राजेश उर्फ राकेश हेमला: एसीएम, नगरी एरिया कमेटी / गोबरा एलओएस कमांडर, इनाम 5 लाख रुपये।
  • बसंती कुंजाम उर्फ हिडमें: पीएम, समन्वय/प्रोटेक्शन टीम सदस्य, मैनपुर-नुआपाड़ा, इनाम 1 लाख रुपये।

बरामद हथियार और सामान

घटनास्थल से सुरक्षा बलों ने 01 नग एसएलआर, 01 नग .303 राइफल, 01 नग 12 बोर बंदूक और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की है।

कैसे हुई कार्रवाई

28 सितंबर 2025 को कांकेर और गरियाबंद के डीआरजी व बीएसएफ जवानों की संयुक्त टीम ग्राम छिंदखड़क के जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग पर निकली थी। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। घंटों चले इस एनकाउंटर में 3 नक्सली मारे गए। फिलहाल इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है और जवान सर्चिंग में लगे हुए हैं।

अधिकारियों का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर आई. के. एलिसेला ने बताया कि संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान यह मुठभेड़ हुई। वहीं बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पी. ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बल जनता की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की पुनर्वास नीति अपनाने की अपील की।

इस ऑपरेशन की निगरानी में अन्य वरिष्ठ अधिकारी जैसे अमित तुकाराम कांबले (उप महानिरीक्षक, कांकेर रेंज), विपुल मोहन बाला (उप महानिरीक्षक, बीएसएफ सेक्टर कन्हारगांव) और निखिल राखेचा (पुलिस अधीक्षक, गरियाबंद) भी शामिल थे।

पुलिस ने कहा है कि इलाके में सर्चिंग और जांच अभियान अभी जारी है, आगे की आधिकारिक जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

Youthwings