‘अब सिलेंडर की झंझट खत्म, घरों तक पहुंचेगी पाइपलाइन गैस’, रायपुर से सिटी गैस प्रोजेक्ट लॉन्च

रायपुर से सिटी गैस प्रोजेक्ट लॉन्च

रायपुर से सिटी गैस प्रोजेक्ट लॉन्च

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वच्छ और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान सीएनजी से चलने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और पाइपलाइन गैस सुविधा की औपचारिक शुरुआत की गई।

अब सिलेंडर की झंझट खत्म, घरों तक पहुंचेगी पाइपलाइन गैस

परियोजना के तहत अब रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से सीधे पाइपलाइन से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे एलपीजी सिलेंडर रिफिल की समस्या से राहत मिलेगी और गैस आपूर्ति अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। मुख्यमंत्री ने रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से चर्चा कर सुविधा का फीडबैक भी लिया।

उद्योग और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सस्ती और निरंतर उपलब्ध ऊर्जा से उद्योग क्षेत्र को नई गति मिलेगी। राज्य सरकार अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाएं मजबूत हों। उन्होंने बताया कि राज्य अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रहा है और यह परियोजना रजत जयंती वर्ष में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जुड़ी है।

सीएनजी से घटेगा प्रदूषण, ईंधन खर्च में राहत

परियोजना के तहत वाहनों के लिए सीएनजी की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और आम लोगों के ईंधन खर्च में भी कमी आएगी। उन्होंने एचसीजी समूह से रायपुर के साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में सीएनजी स्टेशनों का नेटवर्क तेजी से विकसित करने की अपेक्षा जताई।

ग्रीन एनर्जी पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि हालिया बजट में अधोसंरचना विकास और ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे प्रदेश को मेट्रो शहरों जैसी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ ईंधन अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

तीन जिलों में शुरू हुई परियोजना

सिटी गैस अवसंरचना परियोजना फिलहाल रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पीएनजी तथा वाहनों के लिए सीएनजी की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के पदाधिकारियों, गेल इंडिया के प्रतिनिधियों और उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

READ MORE : मैं भ्रष्ट नहीं, कट्टर ईमानदार.. कोर्ट से बरी होते ही फफक-फफककर रो पड़े केजरीवाल

Youthwings