CG Teacher Recruitment: छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षक भर्ती को मिली मंजूरी, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य में कुल 5,000 टीचिंग पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है। इस संबंध में डायरेक्टरेट ऑफ पब्लिक इंस्ट्रक्शन (DPI) को औपचारिक आदेश जारी किया गया है।
पहले 4,708 पदों को मिली थी स्वीकृति
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर 2025 को राज्य सरकार ने 4,708 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की अनुमति दी थी। अब विभागीय प्रस्ताव और राज्य सरकार के निर्देशों के तहत 292 सहायक शिक्षक (असिस्टेंट टीचिंग) पदों के सृजन को भी मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही कुल 5,000 पदों पर भर्ती का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
स्कूलों में दूर होगी शिक्षकों की कमी
शिक्षा विभाग के इस निर्णय से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं, भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को भी बड़ी राहत मिली है।

भर्ती प्रक्रिया, पात्रता शर्तों और आवेदन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द ही जारी किए जा सकते हैं।
