Tamnar Coal Block Dispute: तमनार कोल ब्लॉक पर JPL का बड़ा फैसला, ग्रामीणों की सहमति तक जनसुनवाई स्थगित

Tamnar Coal Block Dispute: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित कोल खदान को लेकर चल रहे विरोध के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ग्रामीणों के लगातार आंदोलन और विरोध को देखते हुए JPL (जेएसपीएल) ने फिलहाल जनसुनवाई से जुड़ा अपना आवेदन वापस लेने का निर्णय लिया है। इस फैसले से तमनार कोल प्रोजेक्ट को लेकर चल रहे विवाद में अहम मोड़ आया है।

JPL के एमडी का बयान

JPL के प्रबंध निदेशक प्रदीप मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जब तक स्थानीय ग्रामीणों का समर्थन और सहमति नहीं मिलती, तब तक कंपनी किसी भी तरह की जनसुनवाई के लिए दोबारा आवेदन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की भागीदारी और सहयोग के बिना आगे बढ़ना न तो व्यावहारिक है और न ही उचित।

क्या है पूरा विवाद

दरअसल, रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में JPL द्वारा कोयला खदान स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, इस परियोजना का स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कोल खदान शुरू होने से बड़े पैमाने पर विस्थापन होगा, पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा और उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि तमनार और आसपास का इलाका पहले से ही औद्योगिक गतिविधियों के कारण प्रदूषण की चपेट में है। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि जल, जंगल और जमीन पर लगातार संकट गहराता जा रहा है। इन्हीं कारणों से ग्रामीण किसी भी नई कोल परियोजना के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं।

Youthwings