कई दिनों से चला आ रहा सस्पेंस आखिर खत्म: 20 अगस्त को होगा मंत्रीमंडल का विस्तार, गजेंद्र, खुशवंत और राजेश के मंत्री बनने की संभावना
रायपुर। लंबे समय से जारी अटकलों पर अब विराम लग गया है। राज्य में 20 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार होगा। राजभवन में आयोजित समारोह में दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल मंत्री बन सकते हैं। सोमवार रात इन तीनों विधायकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की, जिसके बाद उनकी मंत्री पद की दावेदारी तय हो गई।
इससे पहले पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और राज्यपाल रमन डेका की मुलाकात ने सियासी हलकों में कयासों को हवा दी थी, लेकिन अमर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मुलाकात का समय कई दिन पहले ही ले लिया था।
विदेश दौरे से पहले शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त से विदेश यात्रा पर निकलेंगे। ऐसे में 19 अगस्त को होने वाली कैबिनेट बैठक के बाद अगले दिन यानी 20 अगस्त को नए मंत्रियों को शपथ दिलाने का निर्णय लिया गया है।
14 मंत्रियों का नया समीकरण
इस विस्तार के बाद छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में कुल 14 मंत्री हो जाएंगे। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। बताया जा रहा है कि यह व्यवस्था हरियाणा मॉडल पर आधारित है, जहां 90 विधायकों वाली विधानसभा में 14 मंत्री हैं। चूंकि छत्तीसगढ़ विधानसभा में भी 90 सदस्य हैं और संवैधानिक प्रावधान के अनुसार 13.5 मंत्री हो सकते हैं, इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्रियों की संभावना बनती है।
