Surajpur Obscene Dance Case: सूरजपुर फॉरेस्ट रेस्ट हाउस अश्लील डांस मामले में वन विभाग का बड़ा एक्शन, दो अधिकारी सस्पेंड
Surajpur Obscene Dance Case: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सामने आए फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के अश्लील डांस वीडियो ने प्रदेश भर में भारी नाराजगी पैदा कर दी थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस शर्मनाक वीडियो के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोषी अधिकारियों पर गाज गिरा दी है। विभाग ने इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही और सरकारी मर्यादा के उल्लंघन के तौर पर देखा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
यह वीडियो कुमेली स्थित वन विभाग के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का बताया जा रहा है, जहां सरकारी परिसर में अश्लील गानों पर डांस की महफिल सजी हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में इस घटना की कड़ी आलोचना हुई। जैसे ही मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा, वन विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया।
दो अधिकारी तत्काल प्रभाव से निलंबित
मामले की प्राथमिक जांच के बाद डीएफओ ने डिप्टी रेंजर रविशंकर तिवारी और वनपाल शैलेश टीना लकड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, रामानुजनगर के तत्कालीन रेंजर आर.सी. प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
FIR के निर्देश, सभी चेहरों की पहचान होगी
इतना ही नहीं, डीएफओ ने सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने साफ किया है कि सरकारी परिसरों में इस तरह की गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
