जुआ छापेमारी के दौरान युवक की कुएं में गिरकर मौत, ग्रामीणों ने NH-43 पर चक्काजाम कर की तोड़फोड़

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दिवाली के पर्व पर खुशियों के बजाय तनाव और आक्रोश का माहौल है। जयनगर थाना क्षेत्र के कुंज नगर में रविवार रात को पुलिस ने जुआ खेलने की सूचना पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही जुआरी भागने लगे, इसी क्रम में एक युवक कुएं में गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद युवक के शव को अभी तक कुएं से बाहर नहीं निकाला जा सका है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को नेशनल हाईवे-43 पर चक्काजाम कर दिया। वे जयनगर थाने के बाहर धरना दे रहे हैं और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रविवार रात को ही ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते ही पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे कई ग्रामीण भी चोटिल हुए।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। जयनगर थाना क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है, और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों और आक्रोशित भीड़ को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। शव को बाहर निकालने के लिए विशेष टीम को बुलाया गया है, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है। जिला प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल मंगवा लिए हैं।

Youthwings