दीपावली पर भूपेश बघेल का भावुक ट्वीट: बेटे चैतन्य से जेल में मिलने की अनुमति नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप
Bhupesh Baghel
रायपुर। पूरे देश में दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक भावुक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि दीवाली के दिन उन्हें जेल में बंद अपने बेटे चैतन्य बघेल से मिलने की अनुमति नहीं मिली। बघेल ने तुलना करते हुए कहा कि दो दशक पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने उनके पिता को जेल भेजा था, लेकिन दीवाली पर उनसे मिलने की छूट मिल गई थी।
भूपेश बघेल ने ट्वीट में आगे कहा, “नरेंद्र मोदी और अमित शाह की कृपा से बेटा जेल में है। आज दीवाली है, लेकिन मुझे उससे मिलने की अनुमति नहीं है। बहरहाल, सबको दीवाली की शुभकामनाएं।” इस ट्वीट के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है।
चैतन्य बघेल पर क्या हैं आरोप?
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 18 जुलाई 2025 को चैतन्य बघेल को छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया था। ईडी का दावा है कि इस घोटाले में करीब 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की अनियमितता हुई, जिसमें चैतन्य बघेल 1,000 करोड़ रुपये के अवैध प्रबंधन के मुख्य आरोपी हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने चैतन्य की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

