राज्योत्सव 2025: नवा रायपुर के आसमान में चमका ‘सूर्यकिरण’ का शौर्य, एयर शो ने जीता हजारों दिल, उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री भी रहे मौजूद
सूर्यकिरण’ का शौर्य
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम “सूर्यकिरण” ने जबरदस्त एयर शो का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह समेत हज़ारों नागरिकों ने इस रोमांचक नज़ारे का आनंद उठाया। वायु सेना के जांबाज़ पायलटों ने आसमान में जब एक के बाद एक अद्भुत कलाबाजियां कीं, तो पूरा सेंध जलाशय “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
‘सूर्यकिरण’ टीम का दमदार प्रदर्शन
‘सूर्यकिरण’ टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने आसमान से छत्तीसगढ़ के नागरिकों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। वहीं, छत्तीसगढ़ के स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने अपने कॉकपिट से “जय जोहार” और “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” कहकर दर्शकों का अभिवादन किया।
इस भव्य आयोजन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी समेत कई मंत्री, सांसद और अधिकारी उपस्थित रहे।
हेलीकॉप्टर यूनिट्स ने दिखाए अद्भुत करतब
विंग कमांडर ए.वी. सिंह के नेतृत्व में वी-17 और वी-5 हेलीकॉप्टर यूनिट्स ने रोमांचक स्लीपरी और स्काई-ऑपरेशन प्रदर्शन किया। ‘आदिदेव’ नामक हेलीकॉप्टर से सिर्फ 15 मीटर ऊंचाई पर रहकर 14 गरुड़ कमांडोज़ ने रस्सी के सहारे उतरने की तकनीक दिखाई। इसके बाद आठ कमांडोज़ ने हवा में लटककर हेलीकॉप्टर से गुजरते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
हजारों दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
‘सूर्यकिरण’ की नौ हॉक-मार्क-123 फाइटर जेट्स ने आसमान में हार्ट, डायमंड, कॉम्बैट, लूप, तेजस जैसे शानदार फार्मेशन बनाकर लोगों को रोमांचित किया।
लाल-सफेद विमानों ने जब नीले आसमान में तिरंगे की ट्रेल छोड़ी, तो पूरा वातावरण जय-हिंद के नारों से गूंज उठा।
देशभक्ति और प्रेरणा का संदेश
फाइटर पायलटों ने आसमान में दिल की आकृति बनाकर छत्तीसगढ़ के 25वें राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तिरंगे के रंगों से डीएनए और अक्षर ‘वाई’ (Youth) की आकृति बनाकर राष्ट्रप्रेम, साहस और युवाओं को प्रेरित करने का संदेश दिया।
छत्तीसगढ़ का गर्व
छत्तीसगढ़ के स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल की सहभागिता ने राज्यवासियों का गर्व और बढ़ाया। जब उन्होंने अपने विमान से “जय जोहार” की गूंज दी, तो दर्शकों की तालियाँ थमने का नाम नहीं ले रही थीं। वहीं, फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने लाइव कमेंट्री के दौरान पायलटों के अनुशासन, समर्पण और जोखिम प्रबंधन के अद्भुत पहलुओं को दर्शकों तक पहुँचाया।
