हाई-सिक्योरिटी जेल में सोनम वांगचुक, 24 घंटे CCTV से हो रही निगरानी

लद्दाख के चर्चित पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेह पुलिस ने शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही उन्हें हवाई मार्ग से राजस्थान के जोधपुर जेल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उन्हें हाई-सिक्योरिटी वार्ड में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। जेल अधिकारियों ने उनके स्वास्थ्य की जांच भी की है।

लेह में भड़की हिंसा के बाद कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक वांगचुक पर आरोप है कि उन्होंने हाल ही में लेह में हुए प्रदर्शन को उकसाया था। यह प्रदर्शन लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर शुरू हुआ था। शुरुआती तौर पर शांतिपूर्ण रहा आंदोलन अचानक हिंसक हो गया, जिसमें 4 लोगों की मौत और 90 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

24 सितंबर को खत्म किया था अनशन

सोनम वांगचुक ने 10 सितंबर को लद्दाख की नाजुक पारिस्थितिकी की सुरक्षा, राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर अनशन शुरू किया था। लेह में हिंसा फैलने के बाद उन्होंने 24 सितंबर को अपना अनशन समाप्त कर दिया था।

इंटरनेट सेवाएं बंद

गिरफ्तारी के बाद एहतियात के तौर पर लेह में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी तरह की अफवाह या उकसावे को रोका जा सके।

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन

वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शाम 7 बजे कैंडल मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Youthwings