Sidhu’s Wife Suspended from Congress: बड़ी खबर, विवादित बयान के बाद नवजोत कौर सिद्धू कांग्रेस से निलंबित

Sidhu’s Wife Suspended from Congress: पंजाब कांग्रेस ने शनिवार को बड़ा कदम उठाते हुए डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने की है। सिद्धू के हाल ही में दिए गए विवादास्पद बयान ने पार्टी हाईकमान को नाराज़ किया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

क्या है पूरा मामला?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि- “जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही पंजाब का मुख्यमंत्री बन जाता है।”

उनका यह बयान तुरंत राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। बीजेपी और AAP ने भी इस बयान को लेकर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि इससे पार्टी की “कार्यप्रणाली का काला सच” सामने आ गया है।

नवजोत कौर सिद्धू ने क्यों दिया ऐसा बयान?

मी‌डिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दे, तो वे राजनीति में सक्रिय वापसी कर देंगे।

उन्होंने आगे कहा कि- “मेरे पास किसी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन मैं पंजाब को स्वर्णिम राज्य बना सकती हूं।”

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद, कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा था कि- “हम पंजाबियत की बात करते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के लिए 500 करोड़ रुपये चाहिए। जो देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।”

राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ

उनके इस बयान के बाद सियासत और गरमा गई। बीजेपी ने कहा कि यह कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और भ्रष्टाचार का खुला सच है। AAP ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में टिकट और पद पैसों से तय होते हैं।

बढ़ते राजनीतिक विवाद और सार्वजनिक आलोचना के कारण कांग्रेस नेतृत्व ने डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया।

Youthwings