शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा, आकाश झूला टूटने से 6 लोग गिरे, 3 गंभीर घायल
शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा
शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे आकाश झूले का एक हिस्सा अचानक टूट गया, जिससे झूले पर सवार 6 लोग नीचे गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो युवतियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन की मदद से एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवतियां मलदा गांव की निवासी हैं, जो मेला देखने शिवरीनारायण आई थीं। घायलों की पहचान चंद्रकांता कश्यप और भूमिका कश्यप के रूप में हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच शुरू
हादसे के बाद मेले में लगी झूलों की सुरक्षा और फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और झूला संचालक से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
