Shivraj Singh Chhattisgarh Visit: “मोर आवास मोर अधिकार” कार्यक्रम में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री, 51 हजार हितग्राहियों को मिलेगा नया घर

Shivraj Singh Chhattisgarh Visit

Shivraj Singh Chhattisgarh Visit

अंबिकापुर। Shivraj Singh Chhattisgarh Visit: केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को अंबिकापुर में आयोजित होने जा रहे “मोर आवास मोर अधिकार” कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह भव्य आयोजन अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और पीएम जनमन योजना के तहत बने आवासों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शिवराज सिंह चौहान नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास योजना के 51 हजार लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराएंगे। इसके साथ ही जिन हितग्राहियों के आवास निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, उन्हें आवास स्वीकृति पत्र भी सौंपे जाएंगे। शिवराज सिंह चौहान भूमि पूजन कर इन लाभार्थियों को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व सहायता समूह की लखपति दीदियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री (आवास एवं शहरी मामले) तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और उपमुख्यमंत्री अरुण साव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत अनेक जनप्रतिनिधि और मंत्री कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से ग्रामीण विकास को लेकर चलाए जा रहे प्रयासों को जनसामान्य तक पहुंचाने और हितग्राहियों को सीधे लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Youthwings