शरद पवार की अचानक बिगड़ी तबीयत, पुणे के अस्पताल में हुए भर्ती
पुणे। महाराष्ट्र की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें बुखार, गले में इन्फेक्शन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शरद पवार पिछले कुछ दिनों से जुखाम, खांसी और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे थे। हाल ही में अजीत पवार की अचानक मौत के बाद वे काफी सक्रिय हो गए थे और पिछले हफ्ते लगातार कई दिनों तक विभिन्न नेताओं, कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकातें की थीं। इन लगातार बैठकों और दबाव के कारण वे थकान महसूस करने लगे थे।
शरद पवार को बारामती से पुणे ले जाया गया। उन्हें मास्क पहनाकर अलग गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उनकी जांच और इलाज शुरू कर दिया गया है। उनकी बेटी और एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले तथा पत्नी प्रतिभा पवार भी उनके साथ मौजूद हैं।
अस्पताल में चल रही जांच
अभी तक डॉक्टरों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है और सभी आवश्यक जांचें की जा रही हैं।
शरद पवार (84) पिछले कुछ महीनों में स्वास्थ्य संबंधी कुछ मुद्दों से जूझते रहे हैं, लेकिन अजीत पवार की मौत के बाद वे फिर से सक्रिय राजनीति में लौटे थे और राज्य भर में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से एनसीपी (एसपी) कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता की लहर है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। जल्द ही उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक अपडेट जारी होने की उम्मीद है।
