बलरामपुर में बड़ा हादसा: 30 बच्चों से भरी स्कूली वैन खेत में पलटी, कई घायल
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो गया। यहां एक स्कूली वैन में क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को भेड़-बकरियों की तरह ठूंसकर ले जाया जा रहा था, तभी वैन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।
जानकारी के मुताबिक हादसा चेरा गांव पारा में हुआ, जहां वैन में करीब 30 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला। इस दौरान कुछ बच्चे घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि वैन महादेवपुर स्थित मॉडल पब्लिक स्कूल की है। बच्चों ने बताया कि वे स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। फिलहाल डिंडो चौकी पुलिस जांच कर रही है कि यह वैन स्कूल प्रबंधन की थी या किसी निजी ट्रेवल एजेंट की।
इस घटना ने ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि एक साधारण मारुति वैन जिसमें अधिकतम 5-7 लोग ही बैठ सकते हैं, उसमें आखिर 30 बच्चों को कैसे बैठने दिया गया?
