Saraypali MLA Chaturi Nand Protest: जंगलबेड़ा सोलर प्लांट के खिलाफ आंदोलन तेज, विधायक धरने पर
Saraypali MLA Chaturi Nand Protest: ग्राम जंगलबेड़ा में प्रस्तावित सोलर विद्युत संयंत्र को लेकर ग्रामीणों का विरोध अब उग्र आंदोलन का रूप ले चुका है। बिना ग्रामसभा की अनुमति निर्माण कार्य शुरू किए जाने, अवैध पेड़ कटाई और सार्वजनिक संपत्तियों पर कथित कब्जे के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
इस आंदोलन को उस समय और मजबूती मिली जब चातुरी नंद, विधायक सरायपाली, स्वयं ग्रामीणों के साथ धरना स्थल पर जमीन पर बैठीं। धरने के दौरान एसडीएम कार्यालय परिसर में जोरदार नारेबाजी की गई और निर्माणाधीन सोलर प्लांट पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई गई।
विधायक चातुरी नंद ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए जल, जंगल और जमीन का सौदा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उद्योग मंत्री ने विधानसभा में लिखित उत्तर में यह स्वीकार किया है कि परियोजना के पास ग्रामसभा की अनुमति नहीं है, तो फिर निर्माण कार्य किस आधार पर जारी है? उन्होंने इसे कानून और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का खुला उल्लंघन बताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना वैधानिक अनुमति के सोलर संयंत्र का कार्य शुरू कर दिया गया। सैकड़ों पेड़ों की अवैध कटाई की गई, जिसकी पुष्टि तहसीलदार की रिपोर्ट में भी की गई है। साथ ही सार्वजनिक रास्तों, तालाब, एनीकट और हरेली सहेली पट्टा हितग्राहियों की जमीन को पाटकर कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया है।
धरना स्थल पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुईपाली के अध्यक्ष तन्मय पंडा, विधायक प्रतिनिधि दीपक साहू, कांग्रेस नेता रूपानंद पटेल और जंगलबेड़ा सरपंच मधुबन भोई सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर महासमुंद से कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। प्रशासन की कथित निष्क्रियता से नाराज होकर ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरने का रास्ता अपनाया है। बताया जा रहा है कि यह आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है और जब तक निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगती, तब तक धरना जारी रहेगा।
