Sachin Pilot PC : SIR प्रक्रिया पर सचिन पायलट का हमला: बोले- बिहार की तरह छत्तीसगढ़ में भी वोटर नाम काटने की तैयारी…
Sachin Pilot PC
Sachin Pilot PC : रायपुर : कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट गुरुवार को जगदलपुर पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत (Sachin Pilot PC) में SIR प्रक्रिया को लोकतंत्र पर प्रहार बताते हुए इसे लेकर चुनाव आयोग से स्पष्टता की मांग की। पायलट ने कहा कि जिस तरह बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लाखों वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे, उसी तरह अब छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह की कोशिश की जा रही है।
दलित, आदिवासी और OBC मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा
सचिन पायलट ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर दलित, आदिवासी और OBC वर्ग के मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से कटने नहीं देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इन समुदायों के अधिकारों और सुरक्षा को किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
बिहार जैसी स्थिति छत्तीसगढ़ में दोहराई जा रही है
पायलट ने कहा कि बिहार चुनाव से पहले हुई वोटर लिस्ट से नाम हटाने की घटनाओं का पैटर्न अब छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत कर रही है, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
कांग्रेस हमेशा हिंसा के खिलाफ रही
बस्तर में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान पर पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने कई बड़े नेता खोए हैं और पार्टी हमेशा हिंसा के खिलाफ खड़ी रही। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो का नाम मतदाता सूची से हटने का खुलासा
नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बताया कि भरतपुर के पूर्व विधायक गुलाब कमरो का नाम उनके ही पैतृक गांव की मतदाता सूची से हटा दिया गया था। कई बार खोजबीन के बाद उनका नाम रायगढ़ जिले के एक अन्य गांव की सूची में पाया गया। महंत ने आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस के पूर्व विधायक तक इस प्रक्रिया से प्रभावित हो सकते हैं, तो आम लोगों को कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
