31 दिसंबर को रायपुर आएंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत, विशाल हिंदू सम्मेलन को करेंगे संबोधित

RSS प्रमुख मोहन भागवत

RSS प्रमुख मोहन भागवत

रायपुर: RSS (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 31 दिसंबर को रायपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे अभनपुर विकासखंड के सोनपैरी गांव में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। सम्मेलन का आयोजन दोपहर 2 बजे से किया जाएगा।

RSS शताब्दी वर्ष में प्रदेशभर में दो हजार हिंदू सम्मेलन

RSS अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में बड़े पैमाने पर हिंदू सम्मेलन आयोजित कर रहा है। छत्तीसगढ़ में यह अभियान 11 दिसंबर से शुरू हुआ है, जो मकर संक्रांति तक चलेगा। इस दौरान प्रदेशभर में करीब 2000 स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।

हर मंडल और बस्ती में हो रहे सम्मेलन

RSS के अनुसार छत्तीसगढ़ में संगठन के 1601 मंडल हैं, जिनका गठन प्रदेश के 19 हजार से अधिक गांवों को मिलाकर किया गया है। प्रत्येक मंडल में 8 से 10 गांव शामिल हैं और अब हर मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों की 666 बस्तियों में भी सम्मेलन हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी समाज को एक मंच पर जोड़ा जा सके।

हिंदू समाज को संगठित करने का उद्देश्य

प्रांत संघचालक टोप लाल वर्मा ने बताया कि हिंदू सम्मेलन आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना है। इन सम्मेलनों के माध्यम से मंडलों से जुड़े गांवों के लोगों को एक साथ लाया जा रहा है। कार्यक्रमों में साधु-संतों के साथ विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं।

राष्ट्रीय संत असंग देव रहेंगे मुख्य अतिथि

सोनपैरी गांव में आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय संत असंग देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में संत, समाजसेवी और आम नागरिक शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा, यातायात व बैठने की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए हिंदू सम्मेलन समिति की टीम तैनात रहेगी।

read more : गुरु घासीदास जयंती समारोह में मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं, मिली शिक्षा और विकास की नई सौगात

 

 

Youthwings