इंटरकास्ट मैरिज के कारण रिटायर्ड अफसर और परिवार को समाज से निष्कासित, पुलिस ने 4 के खिलाफ दर्ज की FIR
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। इंटरकास्ट मैरिज को लेकर बिलासपुर में एक रिटायर्ड अफसर और उनके परिवार को पनिका समाज से बाहर किए जाने का मामला सामने आया है। परेशान रिटायर्ड अफसर ने पनिका समाज के पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने समाज के प्रमुख जेआर साकत, थानू राम बघेल, दशरथ साकत और वंशधारी सांवरा के खिलाफ FIR दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
तारबाहर क्षेत्र के डीपूपारा निवासी कमल किशोर परवार, जो कलेक्टर ऑफिस में अधीक्षक के पद से रिटायर हुए हैं, ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज की। उन्होंने बताया कि उनके बेटे हितेश परवार ने 4 नवंबर 2024 को साहू समाज की युवती ऋचा साहू से इंटरकास्ट शादी की थी। इस शादी के कारण पनिका समाज के प्रांतीय पदाधिकारियों ने उनके पूरे परिवार को समाज से निष्कासित कर दिया। परिवार को सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने से रोक दिया गया, और कोई भी उनके आयोजनों में हिस्सा नहीं लेता।
समाज में शामिल करने की कोशिश नाकाम
कमल किशोर ने बताया कि उन्होंने अपनी बहू ऋचा को पनिका समाज में शामिल करने के लिए जिला पनिका समाज के अध्यक्ष को आवेदन दिया था। 1 दिसंबर 2024 को दीनदयाल गार्डन, व्यापार विहार में जिला और प्रांतीय पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें ऋचा को समाज में शामिल करने पर सहमति बनी। बैठक में पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष जेआर साकत, उपाध्यक्ष दशरथ साकत, जिला अध्यक्ष शिव मोंगरे, शहर अध्यक्ष दीपचंद और अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।
शादी मिलान कार्यक्रम के लिए दो तारीखें तय की गईं, लेकिन प्रांतीय पदाधिकारी इसमें शामिल नहीं हुए। फिर 1 फरवरी 2025 को जिला अध्यक्ष और 70-80 समाज के लोगों की मौजूदगी में शादी मिलान पूरा हुआ। 2 मार्च को शादी का रिसेप्शन भी आयोजित किया गया। लेकिन जब प्रांतीय पदाधिकारियों—जेआर साकत, वंशधारी सांवरा, दशरथ साकत और थानू राम बघेल—को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने परवार परिवार को समाज से बाहर कर दिया।
सामाजिक बहिष्कार और बदनामी
1 मार्च 2025 को मुंगेली रोड पर हुई बैठक में जेआर साकत, वंशधारी सांवरा, दशरथ साकत, थानू राम बघेल और प्राणनाथ साकत ने न केवल परवार परिवार को, बल्कि शादी मिलान में सहयोग करने वाले बिलासपुर के कई सामाजिक सदस्यों को भी समाज से निष्कासित कर दिया। इसके चलते परिवार और अन्य लोगों की समाज में बदनामी हो रही है। परवार परिवार को सामाजिक कार्यक्रमों, खान-पान और आवाजाही से पूरी तरह रोक दिया गया है। वे रिश्तेदारों के शोक या खुशी के आयोजनों में शामिल नहीं हो पा रहे, और रिश्तेदार भी उन्हें बुलाने से कतराने लगे हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
रिटायर्ड अफसर की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने पनिका समाज के चार पदाधिकारियों जेआर साकत, थानू राम बघेल, दशरथ साकत और वंशधारी सांवरा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
