रावण दहन पर BJP विधायक का अपनी ही सरकार के खिलाफ बयान, बोल- ‘सरकार में भी रावण है’

मनेंद्रगढ़। प्रदेशभर में गुरुवार को विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसी बीच सोनहत विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में भाजपा विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह का एक बयान विवादों में आ गया है। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “सरकार में भी रावण हैं, समाज में भी रावण रहते हैं, लेकिन रावण के अंत का संकल्प लेना पड़ता है।” उनके इस बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

रेणुका सिंह के इस बयान के तुरंत बाद कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया कि आखिर रेणुका सिंह बताएं, सरकार में कौन है वो ‘रावण’ जो जनता का हक निगल रहा है? उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि अगर समाज में आपको रावण दिखता है तो बताइए कि वो रावण किसके संरक्षण में पल रहा है।

बयान पर गरमाई राजनीति

विजयादशमी जैसे धार्मिक अवसर पर विधायक रेणुका सिंह के इस राजनीतिक बयान ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका दे दिया है। जहां भाजपा समर्थक उनके बयान को प्रतीकात्मक और समाज सुधार से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे सरकार की असफलताओं पर ढाल मान रही है।

भाजपा की सफाई

भाजपा नेताओं का कहना है कि रेणुका सिंह का आशय समाज में फैले बुराइयों की ओर था और उनके बयान को गलत तरीके से तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसी संदर्भ में विधायक ने यह बात कही थी।

विपक्ष का हमला जारी

कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। पार्टी प्रवक्ताओं का कहना है कि यदि भाजपा विधायक सरकार में ‘रावण’ होने की बात कर रही हैं तो मुख्यमंत्री और मंत्री इस पर चुप क्यों हैं? कांग्रेस ने मांग की है कि भाजपा स्पष्ट करे कि विधायक का इशारा किसकी ओर था।

 

Youthwings