अंतरराष्ट्रीय तस्करी का झंडा फाड़ा: रायपुर में 11 टन लाल चंदन जब्त
रायपुर। लाल चंदन की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा कदम उठाते हुए कुख्यात तस्कर अब्दुल जाफर की 8.6 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है। जांच में पता चला कि जाफर ने यह संपत्तियां लाल चंदन की अवैध तस्करी से कमाए गए पैसों से खरीदी थीं।
2016 में उजागर हुई थी तस्करी
ईडी की जांच के मुताबिक, 2016 में अब्दुल जाफर ने रायपुर के एक गोदाम में 576 लाल चंदन के लट्ठे छिपा रखे थे, जिनका कुल वजन लगभग 11 टन था। इन लकड़ियों को रायपुर से दुबई भेजने की योजना बनाई गई थी।
नागपुर में पकड़ा गया कंटेनर
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) को सूचना मिली थी कि जाफर दुबई में लाल चंदन की तस्करी कर रहा है। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए 2 अक्टूबर 2016 को नागपुर में एक कंटेनर रोका गया। जांच में पाया गया कि कंटेनर में 1,324 लाल चंदन के लट्ठे (करीब 14 टन) स्पंज आयरन के नीचे छिपाकर रखे गए थे।
रायपुर से बरामद हुआ 11 टन लाल चंदन
नागपुर की इस कार्रवाई के दो दिन बाद, 4 अक्टूबर 2016 को रायपुर के गोदाम में छापा मारा गया। यहां से 576 लाल चंदन के लट्ठे बरामद हुए। इसके बाद अब्दुल जाफर को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल रायपुर जेल में बंद
गिरफ्तारी के बाद से अब्दुल जाफर रायपुर की जेल में बंद है। ईडी का कहना है कि कुर्क की गई 8.6 करोड़ रुपये की संपत्ति सीधे तौर पर लाल चंदन की अवैध तस्करी से जुड़ी है। एजेंसी की आगे की कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
