RCB का होम वेन्यू बना छत्तीसगढ़ : टीम पदाधिकारियों ने सीएम साय से मिलकर भेंट की जर्सी…

रायपुर होगा RCB का होम ग्राउंड

रायपुर होगा RCB का होम ग्राउंड

रायपुर: छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आगामी आईपीएल सीजन के मुकाबले खेले जाने की तैयारी तेज हो गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और उन्हें टीम की जर्सी भेंट की। इस दौरान रायपुर को RCB के होम ग्राउंड के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ को मिलेगा राष्ट्रीय पहचान का मंच

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यदि आईपीएल के मुकाबले रायपुर में होते हैं तो इससे राज्य की खेल पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आईपीएल जैसे बड़े आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ की खेल अधोसंरचना को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग करेगी।

स्टेडियम निरीक्षण के बाद बढ़ी उम्मीदें

जानकारी के अनुसार, RCB मैनेजमेंट की टीम पहले ही रायपुर के इंटरनेशनल स्टेडियम का निरीक्षण कर चुकी है। मैदान, दर्शक दीर्घा, ड्रेसिंग रूम और अन्य सुविधाओं को लेकर सकारात्मक रिपोर्ट सामने आई है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से भी आयोजन को लेकर चर्चा हो चुकी है। माना जा रहा है कि RCB अपने 2 से 5 मुकाबले रायपुर में खेल सकती है।

चिन्नास्वामी से हटकर नए विकल्प की तलाश

आईपीएल 2026 को ध्यान में रखते हुए RCB ने अपने पारंपरिक होम ग्राउंड चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु से दूरी बनाने का फैसला किया है। पिछले सीजन में वहां हुई अव्यवस्थाओं और सुरक्षा कारणों के चलते टीम नए विकल्प पर विचार कर रही है। रायपुर और इंदौर को विकल्प के रूप में देखा गया, लेकिन सुविधाओं और समर्थन को देखते हुए रायपुर को प्राथमिकता मिलती दिख रही है। यदि अंतिम मुहर लगती है, तो रायपुर के दर्शकों को विराट कोहली समेत RCB के स्टार खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर खेलते देखने का मौका मिलेगा।

READ MORE : ब्लिंकिट–जोमैटो–स्विगी डिलीवरी पार्टनर्स को बड़ी राहत, 10 मिनट डिलीवरी की बाध्यता खत्म

Youthwings