ATM में CASH खत्म? पैसे नहीं निकल रहे, RBI ने शुरू की जांच

RBI ATM Cash

देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ महीनों से एटीएम में नकदी नहीं मिलने की बढ़ती शिकायतों के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मामले का संज्ञान लिया है। खासकर छोटे शहरों और कस्बों में लोगों को एटीएम से बार-बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद केंद्रीय बैंक ने स्थिति की समीक्षा शुरू कर दी है और सभी बैंकों से विस्तृत जानकारी मांगी है।

छोटे शहरों के ATM पर RBI की खास नजर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार RBI ने बैंकों से टियर-2 और उससे छोटे शहरों में संचालित एटीएम में नकदी की उपलब्धता से जुड़ा पूरा डेटा मांगा है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं एटीएम में समय पर कैश रिफिल नहीं किया जा रहा है या फिर कुछ क्षेत्रों में जरूरत से कम नकदी भेजी जा रही है। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

read more : एक झटके में 4,800 कर्मचारियों की छुट्टी, इस कंपनी ने बड़े पैमाने पर की छंटनी

बैंकों ने क्या दी सफाई?

बैंकों का कहना है कि केवल कुल नकदी की उपलब्धता के आधार पर स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार कई बार बड़ी मात्रा में कटे-फटे या क्षतिग्रस्त नोट जमा हो जाते हैं, जिन्हें एटीएम में उपयोग नहीं किया जा सकता। ऐसे मामलों में नकदी मौजूद होने के बावजूद एटीएम खाली दिखाई दे सकते हैं।

इन राज्यों से ज्यादा शिकायतें

रिपोर्ट के मुताबिक एटीएम में नकदी की कमी की समस्या का सबसे अधिक असर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में देखा गया है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक से ऐसी शिकायतें अपेक्षाकृत ज्यादा सामने आई हैं। अब RBI की जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि समस्या की असली वजह क्या है और इसे दूर करने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।

Youthwings