रतलाम में दिल दहला देने वाला हादसा; डूबने से 2 टीचर की हुई मौत, 1 छात्र की भी गई जान

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट पैराडाइज वैली में पिकनिक मनाने गए एक स्कूली समूह के साथ बड़ा हादसा हो गया। यहां गहरे पानी में डूबने से दो शिक्षकों और एक मासूम छात्र की मौत हो गई। जबकि एक छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया।

जावरा के कॉन्वेंट स्कूल की टीम गई थी पिकनिक मनाने

जानकारी के मुताबिक जावरा के एक कॉन्वेंट स्कूल का ग्रुप पिकनिक मनाने पहुंचा था। स्कूल के प्राचार्य संदीप सक्सेना के साथ 5 शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह, प्रिंस मोदी, परवेज खान और विजेंद्र सिंह पिकनिक पर गए थे। इनके साथ कक्षा 7वीं से 12वीं तक की म्यूजिकल क्लास के 14 छात्र-छात्राएं भी पैराडाइज वैली घूमने आए थे।

कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?

यह दर्दनाक घटना रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। पानी के किनारे खेलते समय अचानक कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार और 9वीं की छात्रा खुशी का पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में जा गिरे।

बच्चों को पानी में डूबता देख शिक्षक विजय सिंह और प्रिंस मोदी ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत पानी में छलांग लगा दी।

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा खुशी को तो गहरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन छात्र हर्षित को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक भी गहरे पानी में समा गए।

अस्पताल में तीनों को किया गया मृत घोषित

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने शिक्षक विजय सिंह, प्रिंस मोदी और छात्र हर्षित पाटीदार को मृत घोषित कर दिया। पानी से सुरक्षित निकाली गई छात्रा खुशी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Youthwings