जब अधिकारी ही बने आरोपी, तो महिलाएं किस पर करें भरोसा? नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म का केस दर्ज
रायपुर। राजधानी के गंज थाना क्षेत्र में पदस्थ एक नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद मामला चर्चा में है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी अधिकारी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में विवाह करने से इंकार कर दिया। मामले में शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने नाराजगी जताई है।
होटल में ले जाकर संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार उसकी पहचान सूरजपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ने के साथ दोनों के बीच मुलाकातें भी होने लगीं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया और रायपुर के एक होटल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शादी से मुकरने के बाद पहुंची पुलिस के पास
महिला का कहना है कि कुछ समय बाद जब उसने विवाह को लेकर बात की तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत गंज थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में देरी पर उठे सवाल
पीड़िता का आरोप है कि मामला दर्ज हुए दो सप्ताह से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने यह भी दावा किया है कि आरोपी पक्ष की ओर से मामले को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्रक्रिया जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
