घंटों चलती थीं बातें… सोनम ने बताया ‘संजय वर्मा’ आखिर कौन है?
इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस सनसनीखेज मामले में पुलिस को एक बड़ा सुराग मिला है जिसने हत्या की साजिश को और भी स्पष्ट कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाह के बीच गुप्त बातचीत की पुष्टि हुई है। सोनम जिस मोबाइल नंबर पर संजय वर्मा नाम के शख्स से बातचीत करती थी, वह नंबर दरअसल खुद राज कुशवाह इस्तेमाल कर रहा था।
25 दिन में 112 बार बात, ‘संजय वर्मा’ के नाम से सेव था नंबर
राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच के दौरान जब पुलिस ने सोनम के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की तो एक नया नाम सामने आया—संजय वर्मा। तीन हफ्तों में सोनम ने इस नंबर पर 112 बार कॉल किया था। जब पुलिस ने इस रहस्यमयी नंबर की जांच की तो पता चला कि यह किसी संजय वर्मा का नहीं, बल्कि राज कुशवाह का नंबर था जिसे सोनम ने जानबूझकर फर्जी नाम से सेव किया था।
सोनम ने खुद किया खुलासा, हत्या की साजिश फोन पर!
पुलिस पूछताछ के दौरान सोनम ने कबूल किया कि वह अपने प्रेमी राज कुशवाह से इसी नंबर पर बात करती थी ताकि किसी को शक न हो। दोनों के बीच कई बार रात 12 बजे से लेकर तड़के 2 बजे तक लंबी बातचीत होती थी। पुलिस को संदेह है कि हत्या की पूरी साजिश इन्हीं कॉल्स के जरिए रची गई।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि राजा की हत्या के लिए अलग से एक नया सिम कार्ड लिया गया था, जिसका इस्तेमाल सिर्फ प्लानिंग के लिए किया गया और हत्या के बाद बंद कर फेंक दिया गया।
हनीमून बना मौत का सफर
यह मामला 11 मई को सोनम और राजा की शादी से शुरू होता है। 20 मई को दोनों हनीमून मनाने मेघालय रवाना हुए, लेकिन 23 मई से दोनों लापता हो गए। 2 जून को राजा रघुवंशी का क्षत-विक्षत शव चेरापूंजी के वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला। जांच में सामने आया कि राजा की हत्या गहरी साजिश के तहत की गई थी, जिसमें सोनम, उसका प्रेमी राज कुशवाह और उसके तीन दोस्त शामिल थे।
9 जून को सोनम ने किया सरेंडर, अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
राजा की हत्या के बाद फरार हुई सोनम ने 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी राज कुशवाह और उसके तीन दोस्तों विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया।
