रायपुर का जीई रोड बना नो-फ्लेक्स जोन, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
रायपुर। राजधानी में अव्यवस्थित बैनर और फ्लेक्स से सड़कों की सुंदरता बिगड़ने पर नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। अब तेलीबांधा से लेकर टाटीबंध तक के जीई रोड को नो-फ्लेक्स जोन (No Flex Zone) घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में अब कोई भी व्यक्ति या संस्था बिना अनुमति फ्लेक्स, बैनर या पोस्टर नहीं लगा सकेगी। ऐसा करने पर नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को नगर निगम के नगर निवेश विभाग की समीक्षा बैठक महापौर मीनल चौबे ने विभागीय अध्यक्ष मनोज वर्मा के साथ ली। बैठक में महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नो-फ्लेक्स स्ट्रीट घोषित किए गए क्षेत्रों में तुरंत कार्रवाई शुरू की जाए और सड़क के डिवाइडर्स को पूरी तरह से फ्लेक्स-फ्री बनाया जाए।
नक्शा पास में देरी पर महापौर नाराज
बैठक के दौरान नागरिकों द्वारा नक्शा पास करने में हो रही देरी की शिकायत भी सामने आई। इस पर महापौर मीनल चौबे ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब किसी भी आवेदन में देरी या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में किसी नागरिक की शिकायत आई कि नक्शा पास करने में अनावश्यक देरी की जा रही है, तो आवेदक के सामने ही जिम्मेदार अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा।
10 दिनों में वेडिंग जोन तय करने के निर्देश
महापौर ने समीक्षा बैठक में सभी जोनों में 10 दिनों के भीतर “वेडिंग जोन” (Wedding Zone) चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठेला और पसरा कारोबारियों को उन्हीं वेडिंग जोन क्षेत्रों में व्यवस्थित रूप से स्थान दिया जाए ताकि सड़कों पर अतिक्रमण न हो और व्यापार भी सुचारू रूप से चलता रहे।
आवासीय नक्शे 1 महीने में मंजूर करने का आदेश
महापौर ने निर्देश दिया कि सभी आवासीय नक्शे एक महीने के भीतर पास किए जाएं और आवेदकों को समय पर स्वीकृत प्रति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में देरी होने पर संबंधित नगर निवेश अभियंताओं पर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, नागरिकों की सुविधा के लिए पंजीकृत आर्किटेक्ट्स की सूची सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मकान निर्माण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
अवैध निर्माण पर सख्त अभियान जारी रहेगा
बैठक में महापौर ने सभी जोनों में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की सुव्यवस्थित विकास योजना में बाधा डालने वालों के खिलाफ कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
बैठक में अपर आयुक्त पंकज शर्मा, विनोद पांडेय, अधीक्षण अभियंता राजेश पी. नायडू, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, एनयूएलएम मिशन मैनेजर सुषमा मिश्रा और कोमल भटनागर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
