रायपुर में दीपावली ट्रैफिक प्लान: शहर के बाजारों में भीड़ नियंत्रण के लिए रूट प्लान, पार्किंग और डायवर्सन तय
रायपुर ट्रैफिक प्लान
रायपुर। दीपावली के त्यौहार के मद्देनज़र शहर के बाजारों में खरीददारी की भीड़ बढ़ने लगी है और यातायात जाम की स्थिति बन रही है। इस पर काबू पाने के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। पुलिस ने आम जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
चार जोन में बांटी गई ट्रैफिक व्यवस्था
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों को चार जोन में बांटा गया है:
मालवीय रोड, गोल बाजार, सदर बाजार और एमजी रोड
पंडरी कपड़ा मार्केट
तेलीबांधा बाजार
पुरानी बस्ती बाजार
प्रत्येक जोन में 50 अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात होंगे। इनकी टीम में बीट अधिकारी, यातायात पेट्रोलिंग पार्टी, क्रेन पेट्रोलिंग पार्टी और पॉइंट कर्मचारी शामिल हैं। ये अधिकारी बाजार में चल रहे वाहनों, नो पार्किंग ज़ोन और ठेला-खोमचा की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखेंगे।
निर्धारित पार्किंग स्थल
बाजार क्षेत्रों में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं, जैसे कि:
शास्त्री बाजार के लिए सीरत मैदान और शास्त्री बाजार पार्किंग
कालीबाड़ी क्षेत्र के लिए गांधी मैदान
बूढ़ेश्वर चौक के लिए सप्रे शाला मैदान और बूढ़ा तालाब गार्डन
पंडरी कपड़ा मार्केट के लिए खाली मैदान और छत्तीसगढ़ हार्ट के पास सड़क किनारे पार्किंग
अन्य बाजार क्षेत्रों के लिए भी अलग-अलग निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
डायवर्सन और प्रतिबंध
त्योहारी सीजन के दौरान गोल बाजार और मालवीय रोड में धनतेरस, नरक चतुर्दशी और दीपावली के दिन ई-ऑटो, रिक्शा, ठेला-खोमचा तथा दो और चार पहिया वाहनों का प्रवेश आवश्यकतानुसार पूर्णतः निषेध रहेगा। इसी प्रकार टीआई चौक, जय स्तंभ, आजाद चौक, श्याम टॉकीज तिराहा और शास्त्री बाजार मार्गों पर भी चार पहिया वाहनों का आवागमन आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित रहेगा।
निगरानी और त्वरित कार्यवाही
यातायात पुलिस गूगल मैप और स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा स्थापित आईटीएमएस सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर सतत निगरानी करेगी। किसी भी जाम या असुविधा की स्थिति में पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी और लाउडस्पीकर सिस्टम के जरिए आमजन को आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गूगल मैप एप का उपयोग कर ट्रैफिक की स्थिति देखकर अपने रूट का निर्धारण करें।
