रायपुर में उमस से बेहाल, मानसून सक्रिय होने के आसार, 1 जुलाई से बारिश बढ़ने की उम्मीद
राजधानी में मंगलवार सुबह से बादल छाए, मौसम विभाग ने 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा गतिविधि बढ़ने की जताई संभावना, सक्ती-मुंगेली समेत कई जिलों में हुई बारिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कुछ इलाकों में बादल बरस रहे हैं, तो कहीं भीषण गर्मी का दौर जारी है। राजधानी रायपुर में अभी भी उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं, जहां बारिश नहीं हो रही है। हालांकि, मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल नजर आ रहे हैं। आज से आषाढ़ मास शुरू हो रहा है, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीदें हैं। मौसम विभाग ने एक जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना जताई है।
प्रदेश में कहां-कहां हुई बारिश?
पिछले 24 घंटों में सभी संभागों में कुछ जगहों पर देर रात से मध्यम वर्षा हुई। आंकड़ों के अनुसार सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा, मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं मर्रीबंगला देवरी, नारायणपुर, जगरगुंडा, जगदलपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया, गंगालूर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मानसून कब पहुंचेगा पूरे प्रदेश में?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंचने के आसार हैं। फिलहाल, मानसून ने राज्य के लगभग 80% हिस्से को कवर कर लिया है, लेकिन बारिश के मामले में कमी बनी हुई है। बस्तर में सामान्य से 54% कम बारिश हुई है, जबकि राजनांदगांव समेत कई जिलों में 80% तक की कमी दर्ज की गई है। खरीफ फसलों की बुवाई के लिए आने वाले 10 दिन महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
सिनोप्टिक सिस्टम और मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानी के अनुसार समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा और उत्तरप्रदेश से होते हुए बिहार तक स्थित है। एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी तेलंगाना और आस-पास के इलाकों में बना हुआ है। एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार, अधो हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम से होते हुए मणिपुर तक स्थित है। इनके प्रभाव से प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
रायपुर में आज बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने तेज हवाएं और बारिश की संभावनाएं जताई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
Read more-
