CG weather update: रायपुर समेत कई जिलों में बदला मौसम, बारिश और ओलावृष्टि से गर्मी से राहत
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह जहां तेज गर्मी का असर था, वहीं दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी और मध्य भारत में बने सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ी है। गर्मी के बीच इस नमी के कारण स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं, जिससे अलग-अलग जगहों पर बारिश और ओले गिरने की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को रायपुर में दोपहर करीब 3:30 बजे बारिश हुई, जबकि अंबिकापुर में करीब 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जगदलपुर, पेंड्रारोड और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में भी हल्की बारिश हुई।
तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं बिलासपुर में तापमान 38.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को रायपुर में आंशिक बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं।
