Raipur Techno Party Violence: रायपुर की टेक्नो पार्टी में बवाल, लाठी-डंडों से मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़
Excited audience watching confetti fireworks and having fun on music festival at night. Copy space.
Raipur Techno Party Violence: नया रायपुर के ऐलसवेयर होटल में मंगलवार देर रात आयोजित टेक्नो पार्टी उस समय हिंसा में बदल गई, जब अचानक दो गुटों के बीच विवाद हो गया। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में राहुल गवली गैंग पर पार्टी में मौजूद शुभम लेखवानी के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट करने का आरोप है। इस दौरान आरोपियों ने होटल परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की।
पार्टी के दौरान अचानक भड़की हिंसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेक्नो पार्टी सामान्य तरीके से चल रही थी, तभी अचानक कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोपियों ने लाठी और डंडों से हमला कर दिया, जिससे पार्टी में मौजूद लोग दहशत में आ गए और जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी फरार
हंगामे की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। मारपीट और तोड़फोड़ से होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंदिर हसौद थाने में दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद शुभम लेखवानी सहित अन्य पीड़ितों ने मंदिर हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
होटल मैनेजमेंट और आयोजकों से पूछताछ
पुलिस और प्रशासन ने इस घटना को गंभीर मानते हुए कहा है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में चूक को लेकर होटल मैनेजमेंट और पार्टी आयोजकों से भी पूछताछ जारी है।
