Raipur Rozgar Mela 2026: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, रायपुर में 3 दिवसीय रोजगार मेला

Raipur Rozgar Mela 2026: छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य की राजधानी रायपुर में 28 से 31 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां 15 हजार से अधिक युवाओं को सीधे ऑफर लेटर दिए जाएंगे। यह जानकारी कौशल विकास, रोजगार एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब ने जांजगीर दौरे के दौरान दी।

IBC24 से विशेष बातचीत में मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भरोसे पर पूरी तरह खरी उतरी है। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में युवाओं का भविष्य असुरक्षित हो गया था और इंजीनियरिंग शिक्षा से उनका रुझान कम हो रहा था, लेकिन वर्तमान सरकार के प्रयासों से स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। इस वर्ष इंजीनियरिंग की सीटों में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

युवाओं को हुनरमंद बनाने पर फोकस

मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक विभिन्न सेक्टरों में करीब 8,500 करोड़ रुपये के एमओयू कर चुकी है, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खेलों के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति

सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी रुख पर बात करते हुए मंत्री खुशवंत साहेब ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में रोजगार, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में और भी बड़े कदम उठाए जाएंगे, ताकि छत्तीसगढ़ के युवा आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।

Youthwings