Raipur Road Accidents: रातभर रायपुर में हुए 6–7 भीषण सड़क हादसे, BMW और फॉर्चूनर की भिड़ंत से मचा हड़कंप

Road Accidents In Chhattisgarh

Road Accidents In Chhattisgarh

रायपुर। Raipur Road Accidents: राजधानी से चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर लगाम नहीं लग पा रही है। बुधवार देर रात शहर के अलग-अलग इलाकों में एक के बाद एक 6 से 7 सड़क हादसे सामने आए, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई।

रातभर रफ्तार ने मचाया हाहाकार

शंकर एक्सप्रेस ओवरब्रिज के पास रॉन्ग साइड से आ रहे एक ऑटो ने अफरा-तफरी मचा दी। ऑटो की वजह से एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकराते चले गए। इस दौरान 6 से 7 छोटे-बड़े एक्सीडेंट हुए। शुरुआती हादसों में कुछ वाहन चालक किसी तरह बच निकलने में कामयाब रहे, लेकिन बाद में एक कार और बाइक चालक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। एक ईवी कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

BMW और फॉर्चूनर की टक्कर

इसी मार्ग पर आगे चलकर बाइक और कार के दो अन्य हादसे भी हुए। वहीं तेलीबांधा चौक के पास एक BMW और फॉर्चूनर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों महंगी गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी हादसे में जानमाल की हानि नहीं हुई।

पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

एक ही रात में इतने हादसों ने राजधानी में रैश ड्राइविंग, रॉन्ग साइड वाहन चलाने और रात की गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से साफ है कि तेज रफ्तार पर सख्ती के बावजूद सड़क सुरक्षा अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Youthwings