गुरु घासीदास जयंती समारोह में मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं, मिली शिक्षा और विकास की नई सौगात

गुरु घासीदास जयंती

गुरु घासीदास जयंती

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा प्रतिपादित सत्य, समानता और मानवता के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। इन्हीं मूल्यों को आत्मसात कर छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री मुंगेली जिले के लालपुर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेला कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

लालपुर को मिली शिक्षा और विकास की नई सौगात

मुख्यमंत्री साय ने लालपुर में नवीन महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा करते हुए क्षेत्र के युवाओं को बड़ी सौगात दी। साथ ही मेला एवं आयोजन मद की राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने, कार्यक्रम स्थल पर भव्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली स्थित सतनाम भवन के जीर्णोद्धार हेतु 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की।

पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

सरकारी योजनाओं की प्रगति का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को जमीन पर उतारा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों में धान के रकबे और किसानों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है। पीएसी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई गई है और नई औद्योगिक नीति से युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिल रहे हैं।

read more :गुरु घासीदास जयंती पर 18 से 22 दिसंबर तक निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प, सीएम साय ने किया शुभारंभ

समावेशी विकास सरकार की प्राथमिकता

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अनुसूचित जाति प्राधिकरण को और मजबूत करते हुए उसके बजट को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सर्व समाज का संतुलित और समावेशी विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित समाज के प्रतिभावान युवाओं को पायलट प्रशिक्षण हेतु आर्थिक सहायता दी जा रही है।

जनप्रतिनिधियों और समाज की सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद अध्यक्ष लोरमी वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुजीत वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग उपस्थित रहे।

 

 

Youthwings