रायपुरवासियों के लिए खुशखबरी: 15 नवंबर तक मुफ्त नल कनेक्शन, 24×7 पानी सप्लाई योजना का लाभ उठाएं

राजधानी रायपुर के उन परिवारों के लिए खुशखबरी है जो अपने घरों में चौबीसों घंटे पानी की सुविधा चाहते हैं। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने 24×7 जलप्रदाय योजना के तहत निःशुल्क नल कनेक्शन देने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक नागरिक 15 नवंबर तक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

2,865 घरों में अब भी कनेक्शन बाकी

स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अनुसार, मोतीबाग और गंज मंडी टंकी से 24 घंटे पानी सप्लाई की योजना के अंतर्गत अब तक अधिकांश घरों में कनेक्शन दिया जा चुका है। हालांकि, अब भी 2,865 घर ऐसे हैं जिनमें नल कनेक्शन नहीं लगा है। इन घरों के लिए 15 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि हर परिवार को पेयजल सुविधा मिल सके।

तीन बार होगी पानी की सप्लाई

जोन-4 कमिश्नरी के अध्यक्ष मुरली शर्मा ने बताया कि फिलहाल योजना के अंतर्गत दिन में दो बार पानी सप्लाई की जा रही है, लेकिन जल्द ही मोतीबाग टंकी से तीन बार पानी सप्लाई की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इससे लोगों को 24 घंटे के भीतर लगातार और बेहतर जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

इन वार्डों में मिलेगी सुविधा

गंज कमांड एरिया के तहत — रमण मंदिर, इंदिरा गांधी, हवलदार अब्दुल हमीद, तात्यापारा, शहीद चूडामणि नायक और स्वामी आत्मानंद वार्ड शामिल हैं।
वहीं मोतीबाग कमांड एरिया में — महंत लक्ष्मीनारायण दास, ब्राम्हण पारा, स्वामी विवेकानंद सदर बाजार, मौलाना अब्दुल रऊफ, सिविल लाइन, शहीद ब्रिगेडियर उस्मान, विपिन बिहारी सूर और महामाया मंदिर वार्ड के घरों में जल आपूर्ति की जा रही है।

15 नवंबर तक मुफ्त, बाद में शुल्क देना होगा

रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि 15 नवंबर तक निःशुल्क नल कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके बाद जो भी नागरिक आवेदन करेंगे, उन्हें निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही कनेक्शन मिलेगा। इच्छुक नागरिक स्मार्ट सिटी लिमिटेड कार्यालय, नगर निगम जोन कार्यालय या अपने वार्ड पार्षद से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।

 

Youthwings