प्रैक्टिकल में बोनस अंक का लालच और आपत्तिजनक टिप्पणी, प्रभारी प्राचार्य निलंबित
जांजगीर। प्रैक्टिकल परीक्षा में विद्यार्थियों को दस नंबर बोनस अंक देने का लालच देकर स्कूल में रंगाई–पुताई करवाने और हिंदू देवी–देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है। मामला जांजगीर जिले के महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय डोंगाकौहरौद का है।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में 10 अंक बोनस देने का लालच देकर उनसे विद्यालय की रंगाई–पुताई का कार्य करवाया। साथ ही बोर्ड परीक्षा फीस अधिक लेने और रसीद मांगने पर विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षा में देख लेने की धमकी देने का भी आरोप लगा था।
इसके अलावा उनके खिलाफ एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वे स्कूल के छात्र-छात्राओं के सामने हिंदू देवी–देवताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उन्हें प्राचार्य के पद से अलग करते हुए जांच के निर्देश दिए थे।
जांच प्रतिवेदन में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कुंज किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का प्रस्ताव भेजा था।
प्रस्ताव के आधार पर डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जांजगीर-चांपा निर्धारित किया गया है।

