रायपुर पुलिस का सख्त अभियान: 256 चाकूबाजों और अपराधियों की परेड, 96 के खिलाफ कार्रवाई

रायपुर। आगामी VVIP/VIP दौरे और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच को देखते हुए रायपुर पुलिस ने शहर के चाकूबाजों और अपराधिक तत्वों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस आयुक्त डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर शनिवार को शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 256 से अधिक ज्ञात अपराधियों को थानों और सी-4 भवन के पास तलब कर उनकी सामूहिक परेड ली गई और सख्त चेतावनी दी गई।

इस विशेष अभियान के तहत इन 256 अपराधिक तत्वों में से 9 के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और 87 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इस प्रकार कुल 96 आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई है।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और पुलिस आयुक्त डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सभी तलब किए गए अपराधियों को समझाइश दी गई कि वे अपराधिक गतिविधियों से दूर रहें, शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करें और पुलिस द्वारा तलब किए जाने पर तुरंत उपस्थित हों।

Youthwings