रायपुर नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों को दी बड़ी राहत, तीन माह का लंबित वेतन जारी — अब धूमधाम से मनेगी दिवाली

रायपुर। राजधानी के सफाई कर्मचारियों को आखिरकार तीन महीने से रुका हुआ वेतन मिल गया है। नगर निगम रायपुर ने शुक्रवार को लगभग 5 करोड़ रुपये का भुगतान जारी करते हुए कर्मचारियों के खातों में वेतन हस्तांतरित कर दिया। लंबे समय से फंड की कमी का हवाला देने वाले निगम अधिकारियों ने लल्लूराम डॉट कॉम की खबर पर संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। इस निर्णय के बाद अब सफाई कर्मचारी दिवाली का त्योहार खुशियों के साथ मना सकेंगे।

तीन महीने से नहीं मिला था वेतन

राजधानी रायपुर के 3300 से अधिक सफाई कर्मचारी बीते तीन माह से वेतन न मिलने से परेशान थे। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी थी कि यदि 13 अक्टूबर तक भुगतान नहीं किया गया तो 14 अक्टूबर से काम बंद कर देंगे।
कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने की स्थिति में राजधानी की सफाई व्यवस्था चरमरा सकती थी, क्योंकि रोजाना करीब 400 से 500 टन कचरे का प्रबंधन इन्हीं कर्मचारियों पर निर्भर करता है। ऐसे में दिवाली से पहले सड़कों पर कचरे का अंबार लगने का खतरा था।

निगम ने 5 करोड़ जारी किए

फंड की कमी का हवाला देने वाले नगर निगम अधिकारियों ने आखिरकार शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों के भुगतान के लिए 5 करोड़ रुपये बैंक को ट्रांसफर कर दिए। इससे कर्मचारियों को तीन महीनों का लंबित वेतन मिल जाएगा।
निगम प्रशासन के इस कदम से न केवल कर्मचारियों को राहत मिली है, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था भी हड़ताल से बच गई है।

कुल बकाया था 15 करोड़ रुपये

सूत्रों के अनुसार, सफाई कर्मचारियों का कुल बकाया लगभग 15 करोड़ रुपये था। हर महीने करीब 5 करोड़ रुपये के वेतन भुगतान की राशि लंबित थी। नगर निगम के अधीन काम करने वाले 27 ठेकेदारों के माध्यम से सफाई कर्मियों को नियुक्त किया गया है, जो पिछले कई महीनों से भुगतान को लेकर परेशान थे।

कर्मचारियों ने जताई राहत

एक सफाई कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया, “हम दिन-रात शहर को साफ-सुथरा रखने में मेहनत करते हैं, लेकिन दिवाली जैसे त्योहार में खाली हाथ रह जाने का डर था। अब निगम के इस फैसले से राहत मिली है।”
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन मिलने से अब वे परिवार के साथ त्योहार की तैयारियां कर पाएंगे और बच्चों की खुशियों में शामिल हो सकेंगे।

अब नहीं होगी गंदगी की समस्या

वेतन जारी होने के बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल का फैसला वापस ले लिया है। इससे राजधानी में दिवाली से पहले साफ-सफाई के काम में तेजी आने की उम्मीद है। नगर निगम ने भी दावा किया है कि शहर के सभी 70 वार्डों में सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि त्योहार के दौरान रायपुर स्वच्छ और सुंदर दिखे।

Youthwings