राजधानी में आदतन बदमाश गिरफ्तार: मारपीट और वसूली के आरोप, हिस्ट्रीशीट खुली!

रायपुर। गोलबाजार थाना पुलिस ने आदतन एवं सक्रिय अपराधी अयान खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे भयादोहन और मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के चलते उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है, साथ ही उसे थाना गोलबाजार की गुंडा बदमाश सूची में दर्ज करने का प्रस्ताव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार अयान खान एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना गोलबाजार में उसके खिलाफ कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध हैं, जिनमें चोरी का एक मामला, देशी कट्टा लेकर आम लोगों में दहशत फैलाने का एक मामला तथा मारपीट एवं अवैध वसूली के तीन मामले शामिल हैं। इसके अलावा थाना कोतवाली में मारपीट का एक, थाना पुरानी बस्ती में आर्म्स एक्ट का एक और थाना गंज में लूट का एक गंभीर प्रकरण भी दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों, विशेषकर शराब दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को धमकाकर भय का माहौल बनाता था और जबरन वसूली करता था। इन्हीं गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

वर्तमान प्रकरण का संक्षेप

दिनांक 3 दिसंबर 2025 को शास्त्री मार्केट स्थित शराब दुकान के सामने एक व्यक्ति से शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए। मना करने पर आरोपी ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना गोलबाजार में धारा 296, 351(2), 115(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान 18 जनवरी 2026 को आरोपी अयान खान को गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह, उप निरीक्षक संजय भगत, आरक्षक संदीप सिंह और आरक्षक विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Youthwings