ACB-EOW के नाम पर डराया-धमकाया और फिर ऐंठ लिए 9.50 लाख : रायपुर में बड़ा ठगी कांड
रायपुर में पुलिस ने ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है, जिसने लोक निर्माण विभाग के रिटायर्ड अधीक्षण अभियंता को धमकाकर 9.50 लाख रुपये वसूल लिए थे।
मामला Raipur के राखी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, सेवानिवृत्त अधिकारी देवलाल सिंह टेकाम को जनवरी में अज्ञात नंबरों से कॉल आए, जिसमें खुद को ACB और EOW से जुड़ा अधिकारी बताकर शिकायत की बात कहकर डराया गया।
जांच में सामने आया कि यह कॉल साइबर ठगी के उद्देश्य से किए गए थे। इस बीच टेकाम ने यह बात अपने परिचित धर्मेंद्र चौहान को बताई। आरोपी ने इसी जानकारी का फायदा उठाकर खुद को EOW अधिकारी बताकर व्हाट्सएप पर फर्जी शिकायत की कॉपी भेजी और डराने-धमकाने लगा।
इसके बाद आरोपी ने टेकाम को भरोसा दिलाया कि वह अपने संपर्कों के जरिए मामला खत्म करा सकता है। इसी बहाने उसने 10 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से टेकाम ने 9.50 लाख रुपये उसे दे दिए।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी धर्मेंद्र चौहान पहले से टेकाम के संपर्क में था और उनके कार्यों व व्यक्तिगत जानकारी से भली-भांति परिचित था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल फोन जब्त किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल या अधिकारी बनकर धमकाने वालों से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग या हेल्पलाइन पर दें।
