Raipur DGP-IG कॉन्फ्रेंस: सुरक्षा को लेकर IIM छात्रों को 7 दिन की छुट्टी, हॉस्टल भी कराया गया खाली
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 26 और 27 नवंबर को होने वाली डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस की तैयारियां तेज़ी से जारी हैं। देशभर से लगभग 550 शीर्ष पुलिस अधिकारी इस सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके चलते पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
सुरक्षा के बीच IIM रायपुर के 750 छात्रों को दी गई छुट्टी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सम्मेलन में शामिल होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रबंधों के चलते IIM रायपुर के करीब 750 छात्रों को 7 दिन की छुट्टी दे दी गई है। छात्र अब अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं।
सम्मेलन में जुटेंगे देशभर के साढ़े पांच सौ अफसर
डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल अधिकारियों के ठहरने और आवागमन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की 5 कंपनियाँ ड्यूटी में लगाई जाएंगी। वहीं, 28 से 30 नवंबर तक सम्मेलन स्थल पर सीआरपीएफ के जवान, आईबी टीम, और अन्य सुरक्षा एजेंसियाँ तैनात रहेंगी। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी (SPG) के पास होगी, जबकि केंद्रीय बल सहायक भूमिका में तैनात रहेंगे।
एसपीजी टीम आज करेगी सुरक्षा जांच
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के आगमन से पहले एसपीजी की विशेष टीम आज 25 नवंबर को रायपुर पहुंचेगी। यह टीम एयरपोर्ट से लेकर सम्मेलन स्थल, ठहरने के स्थान, प्रदेश भाजपा कार्यालय और प्रधानमंत्री के संभावित मार्गों की विस्तृत सुरक्षा जांच करेगी। रायपुर में होने वाली यह उच्चस्तरीय बैठक न केवल सुरक्षा व्यवस्था, बल्कि राज्य की प्रशासनिक तैयारियों की भी बड़ी परीक्षा होगी।
