#WatchVideo: श्रीराम मंदिर शिखर पर फहरा धर्म ध्वज, पीएम मोदी ने जोड़े हाथ, अयोध्या में उमड़ा जनसैलाब
राम मंदिर शिखर पर फहरा धर्म ध्वज
अयोध्या में आज का दिन इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज हो गया। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा को वैदिक मंत्रोच्चार और अभिजीत मुहूर्त में विधिवत रूप से फहराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पवित्र अवसर पर हाथ जोड़कर प्रभु श्रीराम को नमन किया, जिसके साथ पूरा रामनगरी उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास में डूब गई।
विशेषताओं से समृद्ध 22 फीट लंबी धर्म ध्वजा
धर्म ध्वज लगभग 22 फीट लंबी और 11 फीट चौड़ी है। इस पर कोविदार वृक्ष, सूर्यवंश का प्रतीक, ॐ का पवित्र चिन्ह अंकित है। ध्वजा को आधुनिक इलेक्ट्रिक सिस्टम से शिखर पर स्थापित किया गया। यह ध्वजारोहण मंदिर निर्माण की पूर्णता और भारतीय संस्कृति के गौरव का प्रतीक माना जा रहा है।
उत्सव में डूबी रामनगरी, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी
अयोध्या की गलियों में धार्मिक नारों की गूंज सुनाई पड़ती रही। सात सांस्कृतिक मंचों पर लोक कलाकारों ने नृत्य, गायन और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माहौल को भव्य बना दिया। हजारों श्रद्धालु, साधु-संत और विभिन्न राज्यों से आए भक्त इस ऐतिहासिक समारोह के साक्षी बने। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और दिव्य वातावरण में संपन्न हुआ।
“जैसा सपना देखा था, उससे भी अधिक शुभकर मंदिर बना” – मोहन भागवत
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि इस दिन के लिए अनगिनत राम भक्तों ने अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने बताया कि ध्वज पर अंकित कोविदार वृक्ष दो देववृक्षों के गुणों का समुच्चय है और यह धर्म के उत्थान का प्रतीक है।
भागवत ने कहा : आज हमारे संकल्प की पुनरावृत्ति का दिन है। हम ऐसा भारत बनाएंगे जो सभी को शांति और सुफल दे। मंदिर बिल्कुल वैसा ही नहीं, बल्कि उससे भी अधिक शुभकर बना है जैसा सपना भक्तों ने देखा था।
“यह भगवा ध्वज धर्म, निष्ठा और न्याय का प्रतीक है” – CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले सभी कर्मयोगियों को नमन किया।
योगी ने कहा: यह ध्वज प्रमाण है कि धर्म का प्रकाश अमर है। रामराज्य के सिद्धांत कालजयी हैं। 2014 में पीएम मोदी के नेतृत्व में जगी आस्था आज भव्य मंदिर के रूप में साकार हुई है। यह भगवा ध्वज सत्य, निष्ठा, न्याय और राष्ट्रधर्म का प्रतीक है। अयोध्या की इस पवित्र धरती पर हुए इस ध्वजारोहण ने देशभर के करोड़ों रामभक्तों के हृदय में श्रद्धा और गर्व की नई ज्योति प्रज्वलित कर दी है।
