रायपुर क्राइम ब्रांच पर कारोबारी के दो लाख रुपए चोरी का आरोप, SSP ने आरक्षक को लाइन अटैच किया
रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस पर एक अजीबो-गरीब आरोप सामने आया है। आरोप है कि क्राइम ब्रांच की टीम ने चेकिंग के बहाने एक कारोबारी की कार से दो लाख रुपए चुरा लिए। कारोबारी की लिखित शिकायत के बाद रायपुर एसएसपी ने संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मयंक गोस्वामी, जो दुर्ग निवासी और धमतरी में बाइक शो-रूम संचालक हैं, धनतेरस के दिन रकम लेकर धमतरी से दुर्ग लौट रहे थे। रास्ते में रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने चेकिंग के नाम पर उनकी कार रोकी। कारोबारी का आरोप है कि कार की तलाशी के दौरान टीम ने दो लाख रुपए निकाल लिए।
इस घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद बताया जा रहा है। कारोबारी ने मामले की शिकायत दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल से की थी, जिन्होंने रिपोर्ट तैयार कर रायपुर एसएसपी को कार्रवाई के लिए भेजी।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक प्रशांत शुक्ला को लाइन अटैच कर दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच रायपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
