सड़कों से आवारा पशुओं की धरपकड़, काऊकैचर वाहनों से भेजे गए गौठान

Raipur : उच्च न्यायालय के आदेश के बाद राजधानी रायपुर में नगर निगम ने सड़कों पर बैठे आवारा पशुओं की धरपकड़ अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत नगर निगम की टीम रोज़ाना सभी 10 जोनों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में आवारा पशुओं को पकड़कर उन्हें गोठानों में भेज रही है।

छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और रायपुर जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान चलाया जा रहा है। 20 सितंबर को नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों से 41 आवारा पशुओं को पकड़कर काऊकैचर वाहन की सहायता से गौठानों में भेजा।

अधिकारियों के अनुसार, 49 दिनों में शहर के मुख्य मार्गों से अब तक 2319 आवारा पशुओं को पकड़कर गोठानों में भेजा जा चुका है। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग महापौर, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष और नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पांडेय और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही कर रहे हैं।

जोन स्तर पर अभियान
सभी 10 जोनों के जोन कमिश्नरों द्वारा जोन स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर काऊकैचर वाहनों की व्यवस्था की गई है। इन वाहनों की सहायता से आवारा पशुओं को सुरक्षित रूप से गोठानों में भेजा जाता है।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि यह अभियान सतत और नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और ट्रैफिक समस्याओं को कम किया जा सके।

Youthwings