अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 हाईवा जब्त

रायपुर : रायपुर जिले में अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की इस कार्रवाई में 13 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया है। सभी वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों की सुपुर्दगी में रखा गया है।

रातभर नाकेबंदी, खनिज से भरे वाहन पकड़े गए

खनिज विभाग की टीम ने 31 अगस्त और 1 सितम्बर की दरम्यानी रात आरंग, नयापारा, माना और विधानसभा क्षेत्र में नाकेबंदी कर जांच-पड़ताल की। इस दौरान 8 हाईवा रेत से भरे, 2 हाईवा मुरम से लदे और 3 हाईवा गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़े गए। इन वाहनों को मंदिर हसौद, विधानसभा और खरोरा थाना क्षेत्रों में खड़ा कराया गया है।

NGT के आदेश की अनदेखी

गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों से रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद अवैध रूप से गरियाबंद, धमतरी, मोमेला और महासमुंद क्षेत्रों से रेत का परिवहन अन्य जिलों की ओर किया जा रहा था। विभाग की इस कार्रवाई ने ऐसे अवैध कारोबारियों पर सख्ती का संकेत दिया है।

टीम की भूमिका

यह कार्रवाई उपसंचालक खनिज सुश्री प्राची अवस्थी के मार्गदर्शन में खनिज सुपरवाइजर श्री सुनील दत्त शर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में श्री जितेंद्र केसरवानी, श्री लोकेश वर्मा और श्री जितेंद्र वर्मा का विशेष योगदान रहा।

Youthwings