किसानों के लिए बड़ी राहत, सितंबर में मिलेगा 60,800 मीट्रिक टन यूरिया
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिली है। भारत सरकार ने सितंबर माह के लिए छत्तीसगढ़ को कुल 60,800 मीट्रिक टन यूरिया आबंटित किया है। इसमें 58,100 मीट्रिक टन स्वदेशी और 2,700 मीट्रिक टन आयातित यूरिया शामिल है।
समय पर होगी आपूर्ति
अधिकारियों के अनुसार, राज्य में यूरिया की आपूर्ति मुख्य रूप से स्वदेशी कंपनियों के माध्यम से होती है। इसलिए इस माह किसानों को यूरिया की कोई कमी नहीं होगी। कंपनियों से हुई चर्चा के बाद यह तय हुआ है कि सितंबर माह के लिए स्वीकृत स्वदेशी यूरिया का लगभग 30 से 35 प्रतिशत यानी करीब 20 हजार मीट्रिक टन पहले सप्ताह में उपलब्ध हो जाएगा। इसके अलावा, अगले 15 दिनों में करीब 35 हजार मीट्रिक टन और माह के अंत तक शेष मात्रा की आपूर्ति कर दी जाएगी।
किसानों को होगी सुविधा
राज्य सरकार ने कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे समयबद्ध रेकवार आपूर्ति कार्यक्रम प्रस्तुत करें और किसानों की मांग के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि अगले 10 से 12 दिनों में यूरिया की मांग के अनुरूप आपूर्ति पूरी हो जाएगी और प्रदेश में स्थिति पूरी तरह सामान्य रहेगी।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत सरकार के इस सहयोग पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की हर आवश्यकता को ध्यान में रखकर राज्य सरकार संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि समय पर यूरिया मिलने से खरीफ फसलें सुरक्षित रहेंगी और किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी।
