Raipur Airport News: रायपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी, ATC सिस्टम फेल, कई फ्लाइटें कैंसिल और डायवर्ट, देखिए पूरी खबर
Raipur Airport News
रायपुर। Raipur Airport News: राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम बड़ी तकनीकी दिक्कत आ गई। एयरपोर्ट का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) नेविगेशन सिस्टम फेल होने के चलते उड़ानों पर असर पड़ा। इस दौरान कई फ्लाइटों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कुछ कैंसिल कर दी गईं।
दिल्ली-रायपुर इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E5138 की भोपाल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह विमान शाम 7:20 बजे दिल्ली से रवाना हुआ था और 9 बजे रायपुर पहुंचना था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण इसे भोपाल भेजना पड़ा। फ्लाइट में बैठे यात्रियों को लंबे समय तक असुविधा झेलनी पड़ी। बाद में रात करीब 10 बजे यह फ्लाइट भोपाल से रायपुर के लिए रवाना हुई।
ATC सिस्टम क्यों हुआ फेल?
सूत्रों के मुताबिक, बिजली गिरने से रायपुर एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम ठप हो गया था। इसी वजह से दिल्ली-रायपुर फ्लाइट समेत कई विमानों को अन्य जगहों पर डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि तकनीकी दिक्कत दूर होने तक रायपुर में लैंडिंग सीमित रहेगी और यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की गई है।
कई फ्लाइटें डायवर्ट
-
हैदराबाद-रायपुर फ्लाइट को भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया।
-
कोलकाता-रायपुर फ्लाइट को भी भुवनेश्वर भेजा गया।
-
दिल्ली-रायपुर फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट किया गया।
-
मुंबई-रायपुर फ्लाइट नागपुर भेजी गई।
-
वहीं, पुणे-रायपुर फ्लाइट कुछ देर तक हवा में ही चक्कर काटती रही।
तकनीकी खराबी के चलते करीब 10 फ्लाइटें प्रभावित हुईं, जिनमें से कुछ को कैंसिल कर दिया गया और बाकी डायवर्ट की गईं।
